सेक्टर 17 प्लाज़ा में बनाई जाने वाली ट्राइसिटी की सबसे बड़ी रंगोली होगी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण
चण्डीगढ़ : युवा-नेतृत्व वाले गैर-लाभकारी संगठन रोटरैक्ट क्लब, चण्डीगढ़ हिमालयन द्वारा वार्षिक दीपावली उत्सव रोशनी-12.0 का आयोजन 16 अक्तूबर को किया जा रहा है, जिसका सबसे बड़ा आकर्षण सेक्टर 17 प्लाज़ा में बनाई जाने वाली ट्राइसिटी की सबसे बड़ी रंगोली का रहेगा जो एकता, सृजनात्मकता और युवाओं के सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है।
इस वर्ष रौशनी का आयोजन क्लब की अध्यक्ष रोटरैक्टर तनिश्का सिंह, महासचिव रोटरैक्टर आर्यन चौहान और उपाध्यक्ष रोटरैक्टर उर्वी पाहवा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जबकि कार्यक्रम संयोजक रोटरैक्टर दृष्टि गर्ग, रोटरैक्टर मोक्ष गर्ग और रोटरैक्टर संचित भट्ट ने इस आयोजन को विशेष बनाने के लिए जुटे हुए हैं।
तनिश्का सिंह ने बताया कि सभी रोटरैक्टर सदस्य कार्यक्रम के आयोजन हेतु शाम 4 बजे प्लाजा में एकत्र होंगे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में वे साधारण दीयों को लेकर उन्हें रंग-बिरंगे रंगों और सुंदर डिजाइनों से सजाते हैं। रोटरैक्टर वृद्धाश्रम, अनाथालय और बाल-देखभाल केंद्रों में जाकर उनके साथ समय बिताते हैं और दीया पेंटिंग की गतिविधि करते हैं। जब ये दीये खूबसूरती से सज जाते हैं, तो उन्हें बिक्री के लिए रखा जाता है, और एकत्र की गई धनराशि नेक कार्यों में लगाई जाती है। इस पहल के माध्यम से रचनात्मकता, उत्सव और करुणा, तीनों को एक सूत्र में पिरोया जाता है ।
उन्होंने बताया कि रौशनी क्लब का प्रमुख आयोजन है, जो दीपों के इस त्यौहार को उसके सच्चे अर्थों में मनाता है यानी दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाकर। उनके मुताबिक कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रोचक गतिविधियां और जागरूकता अभियान भी होंगे, जिससे यह सिर्फ एक उत्सव नहीं बल्कि मानवता, सृजनशीलता और सहयोग की भावना को प्रतिबिंबित करने वाला अनुभव बनेगा।कलात्मकता से परे, रौशनी 2025 समाज को कुछ लौटाने की भावना को भी साकार करती है। दीपावली पर शहर को दया और करुणा की रोशनी से जगमगा ना ही संस्था का उद्देश्य है।
