- भाजपा राष्ट्रीय नेता पर मकान में जबरन घुसने, सुरक्षा कर्मियों सहित अवैध हथियारों का प्रयोग, महिला व वृद्धा के साथ दुर्व्यवहार के लगे आरोप
- पीड़िता ने एस एस पी को लिखित शिकायत दे भाजपा राष्ट्रीय नेता की दखलंदाजी और अन्य के खिलाफ उचित कार्रवाई की लगाई गुहार
- चंडीगढ़, 19 सितम्बर, 2025:-चंडीगढ़ सेक्टर 33 निवासी एक महिला ने प्रोपर्टी विवाद को लेकर प्रोपर्टी के अन्य हिस्सेदार पर भाजपा के एक राष्ट्रीय नेता के सहयोग से उन्हें धमकाने, मकान में जबरन घुसने अवैध हथियारों का प्रयोग, महिला व वृद्धा के साथ दुर्व्यवहार तथा पुलिस की मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। इसको लेकर उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस की एस एस पी से मामले का संज्ञान लेते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है और मामले में पुलिस की मिलीभगत को देखते हुए तुरंत FIR दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
मकान नम्बर 1359, सेक्टर 33 सी निवासी सोनिया और उनकी नानी उर्मिला मुखर्जी ने अपने एडवोकेट आशीष शर्मा के साथ चंडीगढ़ प्रेस क्लब मे पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि उक्त प्रोपर्टी स्व. महिंदर सिंह चीरा की है। स्व. महिंदर सिंह चीरा एन आर आई थे, उनका परिवार इंग्लैंड में सैटल है।अपने परिवार से अलग होकर यहाँ वो चंडीगढ़ में इसी मकान में रह रहे थे। उन्होंने उनकी नानी उर्मिला मुखर्जी को बतौर केअर टेकर रखा हुआ था। सोनिया के अनुसार उनका जन्म और पालन पोषण व शिक्षा सब इसी मकान में रहते हुए हुआ। स्व. महिंदर सिंह चीरा ने उनकी काबलियत को देखते हुए अपने कारोबार में बतौर डायरेक्टर नियुक्त कर लिया और कारोबार की काफी सारी जिम्मेदारी उन्हें सौंप दी। इंग्लैंड से आने के बाद करीब 20 साल तक उनके परिवार के सदस्य एकाध बार ही उनसे मिलने आए। अपने मृत्यु और इंग्लैंड जाने से कुछ समय पहले उन्होंने अपनी वसीयत तैयार करते हुए, उसमें उक्त प्रोपर्टी का 50 फीसदी शेयर उनके नाम और बाकी 50 फीसदी शेयर अपने इंग्लैंड में रह रहे अपने बच्चों के नाम कर दी। इंग्लैंड में उनकी मृत्यु के काफी समय बाद स्व. महिंदर सिंह चीरा के पुत्र रिचर्ड चीरा इंडिया आए और चंडीगढ़ आकर इस प्रोपर्टी पर अपना पूरा हक होने की बात कहने लगे। तब उन्होंने उन्हें वसीयत के कागजात दिखाए, जिसे देखकर वो झुंझला गए, और वसीयत को फर्जी व जाली बताया। सोनिया व उनकी नानी उर्मिला मुखर्जी ने बताया कि रिचर्ड कुछ असामाजिक तत्वों के सहयोग से मकान में जबरन घुस उन दोंनो व परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि घर मे जबरन घुसने वालों में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता सुखमिंदर पाल सिंह ग्रेवाल, उनके सुरक्षा कर्मी और अन्य युवक हैं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, चंडीगढ़ को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि:
• 16–17 सितम्बर 2025 को करीब 9–10 लोग, जिनमें मृतक के परिजन और राजनीतिक समर्थक शामिल थे, हथियारों के साथ जबरन घर में घुस आए।
• परिवार को जान से मारने की धमकियाँ दी गईं, महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया गया और उनकी वृद्धा दादी श्रीमती उर्मिला मुखर्जी (30 वर्षों से वहां निवासरत) को बंधक बनाकर रखा गया।
• अतिक्रमणकारियों ने रात में शराब पीकर घर में उत्पात मचाया और संपत्ति पर कब्ज़ा करने का प्रयास किया।
• पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर कॉल करने और थाना सेक्टर 34 जाने के बावजूद SHO सतिंदर कुमार और अन्य अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की, उल्टा अतिक्रमणकारियों को संरक्षण प्रदान किया।
शिकायतकर्ता के वकील आशीष शर्मा ने निम्नलिखित मांगें उठाई हैं कि इस मामले मे IPC 342/343, 506, Arms Act सहित अन्य धाराओं के तहत तुरंत FIR दर्ज की जाए। पीड़ित की नानी श्रीमती उर्मिला मुखर्जी को सुरक्षित मुक्त कराया जाए। अतिक्रमणकारियों को मकान से बाहर निकालकर शांतिपूर्ण कब्ज़ा बहाल किया जाए। शिकायतकर्ता व परिवार को 24 घंटे पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए। सेक्टर 34 थाना पुलिस की मिलीभगत की स्वतंत्र जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर हथियार, CCTV फुटेज व अन्य साक्ष्य सुरक्षित किए जाएँ।
वहीं सोनिया ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का खतरा है तथा यदि समय रहते कार्रवाई न हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
